शिव लाल जांगिड़
लाडपुरा। स्मार्ट हलचल|क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने वाले डिजिटल न्यूज प्लेटफॉर्म ‘स्मार्ट हलचल’ की खबर का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। फूल जी की खेड़ी से श्यामगढ़ जाने वाली पीडब्ल्यूडी की मुख्य सड़क पर पड़े गहरे गड्ढों को लेकर खबर प्रकाशित होने के 24 घंटे के भीतर विभाग ने हरकत में आकर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।
अधिकारियों ने लिया संज्ञान, डाला गया ग्रेवल
बता दें कि इस मार्ग की बदहाली के कारण आए दिन हो रही दुर्घटनाओं और राहगीरों की परेशानी को लेकर ‘स्मार्ट हलचल’ ने समाचार प्रकाशित कर प्रशासन को चेताया था। खबर वायरल होते ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी सक्रिय हुए और क्षतिग्रस्त सड़क के खड्डों में ग्रेवल डलवाकर अस्थायी सुधार करवाया।
हजारों वाहनों का है रोजाना का दबाव
यह सड़क मार्ग पदमपुरा, रामथली, खगार जी का खेड़ा, सोपुरा, सरिया, सारणा और मांडलगढ़ जैसे महत्वपूर्ण गांवों को जोड़ता है। रोजाना हजारों की संख्या में वाहनों की आवाजाही होने के बावजूद सड़क खस्ताहाल थी। ग्रामीणों ने विभाग की इस त्वरित कार्रवाई का स्वागत किया है, लेकिन साथ ही स्थायी समाधान की मांग भी की है।
“स्मार्ट हलचल का धन्यवाद जिन्होंने हमारी आवाज उठाई। विभाग ने गड्ढे तो भर दिए हैं, लेकिन हमें अब जल्द से जल्द नई पक्की सड़क चाहिए। ग्रेवल ज्यादा दिन नहीं टिकेगा।” – स्थानीय ग्रामीण
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक नई सड़क का निर्माण नहीं होता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इस मार्ग के लिए बजट स्वीकृत कर नई सड़क का निर्माण शुरू करवाता है।
