ओएचई तार चोरी की घटनाओं पर रेलवे सुरक्षा बल की सख्त कार्रवाई, तीन रेलवे संपत्ति चोरी के आरोपी गिरफ्तार

चार अन्य आरोपियों की पहचान, तलाश जारी; छह संदिग्धों से पूछताछ, चोरी का नेटवर्क खंगालने में जुटी आरपीएफ

रेल संरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कानूनी कार्रवाई, गंभीर मामलों में आजीवन कारावास तक की सजा का प्रावधान

कोटा। स्मार्ट हलचल|कोटा रेल मंडल में ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तारों की चोरी करने वालों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने कार्रवाई तेज कर दी है। आरपीएफ कोटा मंडल द्वारा 5 टीमो के गठन करते हुए आरोपियों की धरपकड़ और चोरी में शामिल नेटवर्क का पता लगाने के लिए सघन जांच की जा रही है। अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, चार अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है, जबकि छह संदिग्धों से पूछताछ जारी है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि कोटा मंडल में 09 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 के बीच ओएचई तार काटने एवं चोरी की चार घटनाएं सामने आई हैं। इनमें जुल्मी–झालावाड़ सिटी रेलखंड पर दो तथा अलनिया–दाढ़देवी और बरुंदनी–पारसोली रेलखंड पर एक-एक घटना शामिल है। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ द्वारा आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

आरपीएफ की कार्रवाई में चोरी का माल और वाहन बरामद
रामगंज मंडी आरपीएफ पोस्ट द्वारा ओएचई चोरी के दो मामलो में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध सफलता प्राप्त की। कार्रवाई के दौरान लगभग 89.600 किलोग्राम ओएचई तार, जिसकी कीमत 32,166 रुपये है, बरामद किया गया। इसके अतिरिक्त एक पिकअप वाहन, मोटरसाइकिल, लोहे की बड़ी कैंची, प्लास एवं तार काटने में प्रयुक्त अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। इस संबंध में रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम एवं रेलवे अधिनियम की संबंधित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की गई है।

रेल संरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई
ओएचई तार काटने की घटनाएं केवल रेलवे संपत्ति की चोरी नहीं, बल्कि यात्रियों एवं रेल परिचालन की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर अपराध हैं। रेलवे प्रशासन ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करने को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पवन श्रीवास्तव के नेतृत्व में आरपीएफ द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही राजस्थान पुलिस के साथ समन्वय कर घटनाओं में शामिल अन्य व्यक्तियों तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।

रेलवे संपत्ति की चोरी एवं रेल संरक्षा को खतरे में डालने वालों के विरुद्ध आरपी(यूपी) अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रेलवे अधिनियम की धारा 150 के अंतर्गत जानबूझकर रेल संरक्षा को खतरे में डालने वाले गंभीर अपराधों में, कानूनी प्रावधानों के अनुसार, आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है।

रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि रेलवे लाइन अथवा ओएचई तारों के आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ या रेल मदद हेल्पलाइन 139 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।