कचरे के निस्तारण को लेकर रेलवे का जागरूकता अभियान,यात्रियों को बताए स्वच्छता के नियम

लखनऊ मंडल के प्रमुख स्टेशनों और रेलवे कॉलोनियों में चला विशेष अभियान

(स्मार्ट हलचल यूपी ब्यूरो)
लखनऊ।स्मार्ट हलचल|स्वच्छ रेलवे परिसर स्वस्थ पर्यावरण और बेहतर अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने स्वच्छता पखवाड़ा -2026 के तहत जागरूकता अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (ईएनएचएम) महेंद्र सिंह के निर्देशन में प्रमुख रेलवे स्टेशनों और विभिन्न रेलवे इकाइयों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रति रेलकर्मियों, यात्रियों और खानपान से जुड़े कर्मचारियों को जागरूक किया गया। अभियान के दौरान साफ-सफाई के साथ कचरे के सही संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। रेलवे प्रशासन ने कर्मचारियों, ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सेवा (ओबीएचएस) कर्मियों, पेंट्रीकार स्टाफ, खानपान विक्रेताओं और ठेकेदारों को नियमों का पालन करने की जानकारी दी। विभिन्न स्टेशनों पर स्वास्थ्य निरीक्षकों, स्वच्छता कर्मियों और खानपान विक्रेताओं ने जागरूकता रैलियां निकालकर यात्रियों को स्वच्छता का संदेश दिया। पोस्टर और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को बताया गया कि कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय निर्धारित डस्टबिन में डालें और गीले तथा सूखे कचरे को अलग-अलग रखें, ताकि उसका उचित निस्तारण किया जा सके। अभियान का दायरा रेलवे स्टेशनों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि रेलवे कॉलोनियों में भी स्वच्छता और अपशिष्ट प्रबंधन के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। इसी क्रम में गोरखपुर जंक्शन और सीतापुर जंक्शन पर रेलकर्मियों एवं यात्रियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के अनुरूप कचरे के पृथक्करण, संग्रहण और निस्तारण की जानकारी दी गई। रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में संविदा कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। वहीं, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रेलवे कॉलोनी में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। रेल प्रशासन का कहना है कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित रहने वाला कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यात्रियों, रेलकर्मियों और आम लोगों के सहयोग से ही रेलवे परिसरों को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से लखनऊ मंडल में जनभागीदारी को बढ़ावा देते हुए स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। रेल प्रशासन ने यात्रियों और नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा खुले में न फेंकें, निर्धारित डस्टबिन का उपयोग करें और गीले-सूखे कचरे को अलग रखें। इस संबंध में जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु राव ने मीडिया को जानकारी दी।