दिन भर चली बारिश ने किसानों की बढ़ाई चिंता, खेतों में पडा जिंस भीगा ,तो कई किसानों का जिंस मंडी में भीगा।
बूंदी- स्मार्ट हलचल|रविवार देर रात से चल रही लगातार बरसात से जनजीवन दिन भर अस्त व्यस्त रहा। सूरज बादलों की आड़ में छुपा नजर आया। अक्टूबर माह के अंत में बरसात होने से किसान सदमें में है। वहीं बरसात होने से ठण्डक ने भी दस्तक दे दी है। लोगों को सर्दी का एहसास होने लगा है। सुबह जरूरी कार्य से जाने वाले लोग ही बाहर निकलते नजर आए। सोमवार सुबह से ही हल्की व मध्यम गति की बरसात दिन भर चलती रही। जिससे सड़कों पर पानी बह निकला और लोग घरो में दुबके रहे। बाजारों में भी दुकानें खुली थी लेकिन ग्राहकों के नहीं आने से सन्नाटा पसरा रहा। कुछ दुकानदारों ने तो बरसात को देखते
हुए आज अपनी दुकानें ही नहीं खोली और जिन्होंने खोली उन्होंने अपने जरूरी काम निपटाये। सुबह से हो रही हल्की बरसात के कारण लोगों को छातों व बरसाती की मदद लेनी पड़ी। हल्की व मध्यम गति की बरसात होने से किसानों की धान की फसल को नुकसान होने की संभावना है। अभी
अधिकांश खेतो में धान की कटाई भी नहीं हुई है और खेतो में पानी भर जाने से मशीने भी खेतो में नहीं जा पा रही है। वहीं खेतो में खड़ी उड़द, सोयाबीन, मूंगफली जैसी फसले कटाई की स्थिति में है जिन पर बरसात का पानी गिरने से नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं कृषि उपज मंडी में किसानो का धान भीग गया है। किसान अपने धान को बचाने के प्रयास में जुटे रहे। वहीं बरसात के चलते सर्दी का असर भी लोगों में देखा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में तो बुजुर्ग लोग शॉल व रजाई ओढ़े नजर आये। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक कहीं हल्की और मध्यम बरसात की संभावना है।


