अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|राज्य में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था स्थापित करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगलवार को रायपुर थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण सीएलजी (CLG) बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (अपराध शाखा, राजस्थान) तथा जिला पुलिस अधीक्षक ब्यावर, रतन सिंह (IPS) के निर्देशों की पालना में आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता वृत्ताधिकारी (वृत रायपुर) बंशीलाल पांडर एवं थानाधिकारी ने की। इसमें सीएलजी, यूथ सीएलजी, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
साइबर अपराध व यातायात नियमों पर दी जानकारी
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
बाजार से हटेगा अतिक्रमण, दुकानदारों को चेतावनी
बैठक में सीएलजी सदस्यों ने मुख्य बाजार एवं मेला चौक में दुकानदारों द्वारा सड़क पर सामान रखकर किए जा रहे अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। सदस्यों ने बताया कि सामान बाहर रखने से रास्ता संकरा हो जाता है और आवागमन में परेशानी होती है।
इस पर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि सभी दुकानदारों को समझाइश कर सूचित किया जाएगा। इसके बाद भी सड़क से सामान न हटाने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
