(महेन्द्र नागौरी)
8 से 14 अप्रैल तक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से होगी शिव महापुराण कथा, तैयारियां शुरू
भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल|धर्मनगरी भीलवाड़ा में रविवार को श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब चारों ओर भगवान भोलेनाथ एवं संकटमोचन हनुमानजी के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। अवसर था प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से 8 से 14 अप्रैल तक आयोजित होने वाली श्री शिव महापुराण कथा के लिए धर्म ध्वजा स्थापना एवं भूमि पूजन का।
आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के तत्वावधान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धर्म ध्वजा की विधिवत पूजा एवं स्थापना की गई। यह पावन अनुष्ठान श्री हरिशेवाधाम के महामंडलेश्वर हंसराम उदासीन महाराज के करकमलों से, श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में संपन्न हुआ।
पूजन के दौरान अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन कर धर्म ध्वजा स्थापित की गई तथा समस्त देवताओं का आह्वान कर कथा आयोजन की सफलता हेतु आशीर्वाद मांगा गया। इस दौरान हनुमान चालीसा के पाठ और जयकारों से संपूर्ण परिसर भक्तिमय हो उठा। कोटड़ी के गोभक्त संत लालदासजी महाराज का भी सानिध्य प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार पंडित अशोक व्यास के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें पंडित देवेन्द्र शास्त्री, ऋषि शास्त्री, हिमांशु शास्त्री, राजेंद्र शास्त्री एवं अविश शास्त्री सहित विद्वान आचार्यों ने पूजा-अर्चना कराई।
आयोजन समिति के अध्यक्ष विधायक अशोक कोठारी एवं कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी के नेतृत्व में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं श्रद्धालुजन उपस्थित रहे। समिति के संरक्षक श्रीगोपाल राठी, संयोजक अशोक बाहेती, गजानंद बजाज, महासचिव पीयूष डाड सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।
कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने बताया कि धर्म ध्वजा स्थापना के साथ ही कथा स्थल पर विशाल पांडाल एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। कथा श्रवण हेतु आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए समुचित सुविधाएं सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शिव महापुराण कथा को लेकर भीलवाड़ा के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है और जन-जन इस पुण्य आयोजन से जुड़कर सेवा देने को तत्पर नजर आ रहे है ।
