कोटा।स्मार्ट हलचल|महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, भीममंडी में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सतीश कुमार गुप्ता, विशेष कार्य अधिकारी, शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी रामचरण मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नवीन अरोड़ा एवं विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम लता शर्मा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता स्वप्निल जैन ने किया।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में छायादार और फलदार पौधे लगाए गए। मुख्य अतिथि सतीश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘हरियालो राजस्थान’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की नींव है। उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके संरक्षण एवं पोषण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समारोह के दूसरे चरण में शैक्षणिक सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम लता शर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं राजस्थानी संस्कृति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्य डॉ. कुसुम लता शर्मा ने अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व और अपनी संस्कृति के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।
