जयपुर। राजस्थान में लगातार बढ़ रहे साइबर फ्रॉड के मामलों के बीच राज्य पुलिस ने पीड़ितों को त्वरित राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब यदि किसी व्यक्ति के साथ 1 लाख रुपए या उससे अधिक की साइबर वित्तीय ठगी होती है, तो उसकी शिकायत दर्ज होते ही स्वतः ई-जीरो एफआईआर दर्ज कर ली जाएगी। इस नई व्यवस्था को गुरुवार से पूरे प्रदेश में लागू कर दिया गया।
महानिदेशक पुलिस (डीजीपी) राजीव कुमार शर्मा ने इस संबंध में प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों और पुलिस आयुक्तों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह निर्णय गृह मंत्रालय के निर्देशों और साइबर अपराधों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए लिया गया है, ताकि पीड़ितों को जल्द कानूनी संरक्षण मिल सके और ठगी की रकम को समय रहते फ्रीज कर अपराधियों तक तेजी से पहुंचा जा सके।
