राजस्थान लोक कल्याण संस्थान ने किया कुलगुरू प्रो. सारस्वत का सम्मान

कोटा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति से एआई पाठ्यक्रम तक, नवाचारों के लिए कुलगुरू सम्मानित

राजस्थान लोक कल्याण संस्थान ने प्रशंसा पत्र, साफा और उपरणा भेंट कर किया सम्मानित

कोटा। स्मार्ट हलचल|शिक्षक दिवस के अवसर पर राजस्थान लोक कल्याण संस्थान की ओर से कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. भगवती प्रसाद सारस्वत का सम्मान किया गया। संस्थान की ओर से उन्हें प्रशंसा पत्र, साफा एवं उपरणा भेंट कर शैक्षिक क्षेत्र में उनके योगदान और विद्यार्थी केंद्रित कार्यों की सराहना की गई।
संस्थान के डॉ. मनीष वशिष्ठ ने कहा कि प्रो. सारस्वत ने शैक्षिक जगत में सुशासन, समन्वय, संवाद, संवेदनशीलता, सहजता और कर्मठता के साथ अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ कई नवाचार किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के आह्वान पर विश्वविद्यालय में बूंदी चित्रशैली तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संबंधित पाठ्यक्रम प्रारंभ करना, विद्यार्थियों के लिए पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना, 160 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करना तथा दीक्षांत समारोह से पूर्व आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को डिग्री उपलब्ध कराने जैसी पहलें उल्लेखनीय हैं। संस्थान ने इन्हें छात्रहित और विश्वविद्यालय के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर कुलगुरू प्रो. सारस्वत ने कहा कि विश्वविद्यालय का विकास विद्यार्थी-केंद्रित होना चाहिए। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक और विद्यार्थी के बीच सहज, आत्मीय एवं निरंतर संवाद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, दृष्टिकोण और क्षमताओं का समग्र विकास करना भी है।
डॉ. वशिष्ठ ने कहा कि प्रो. सारस्वत कार्यालय समय में विद्यार्थियों सहित आगंतुकों से सहजता से संवाद करते हैं और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का प्रयास करते हैं। विद्यार्थियों के प्रति उनका स्नेह और संवेदनशील दृष्टिकोण उन्हें आदर्श शिक्षक, मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत के रूप में स्थापित करता है। हाल ही में आयोजित विद्यार्थी-संवाद कार्यक्रम में उन्होंने जेन-जी के विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने और समाधान की पहल की, जिसकी विद्यार्थी वर्ग में सराहना हुई।
कार्यक्रम में संस्थान के डॉ. मनीष वशिष्ठ, धाकड़ भगतसिंह, करणसिंह पाल, रविन्द्र सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *