पीएम श्रीराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कंवरियाट में विद्यार्थियों को दी गई कानूनी जानकारी,
एजाज़ अहमद उस्मानी
मेड़ता। स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा जारी एक्शन प्लान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मेड़ता के निर्देशन में पीएम श्रीराजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कंवरियाट में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर में अधिकार मित्र जुगल सिंह सोलंकी ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, महिलाएं, बालक-बालिकाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति, वरिष्ठ नागरिक एवं अन्य पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क सहायता उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि न्याय तक समान पहुंच सुनिश्चित करना प्राधिकरण का मुख्य लक्ष्य है।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) एवं राज्य स्तर पर संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी कानूनी समस्या के समाधान हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क किया जा सकता है।
साइबर सुरक्षा विषय पर भी विशेष चर्चा की गई। विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल भुगतान के दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए कानूनी सहायता के लिए इसका उपयोग करने का आह्वान किया गया।
बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है तथा इसकी सूचना तुरंत संबंधित प्रशासन या विधिक सेवा प्राधिकरण को देनी चाहिए।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य हरनारायण काला सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता का सकारात्मक संदेश प्रसारित हुआ।
