राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद द्वारा संचालित
नम्रता कौशल विकास केंद्र
राखी प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ, *वनवासी बहनों के हुनर की हुई सराहना*
उदयपुर, 31 जुलाई। स्मार्ट हलचल।राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद कार्यालय में आयोजित नम्रता कौशल विकास केंद्र द्वारा “राखी प्रदर्शनी” का शुभारंभ मंगलवार को गरिमामय वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी, निवृत्ति कुमारी मेवाड़ और विजयलक्ष्मी (कैट), सीमा जी (लघु उद्योग भारती) ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और जनजाति बहिनों के कौशल की सराहना की।
कार्यक्रम का परिचय डॉ. राधिका लढा ने देते हुए कमली ट्राइब्स एवं राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद द्वारा वनवासी क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
अपने उद्बोधन में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी ने जनजाति अंचल की महिलाओं के कला कौशल की सराहना की और कहां कि इन्हें प्रोत्साहन देकर व आत्मनिर्भर बनाकर ही हम वास्तव में समाज कल्याण की अवधारणा को मूर्त रूप दे सकते हैं।
अपने उद्बोधन में निवृत्ति कुमारी मेवाड़ ने कहा कि राजपरिवार और वनवासी समाज का संबंध सदैव आत्मीय रहा है। उन्होंने बताया कि उनका वनवासी समाज से विशेष जुड़ाव रहा है तथा वनवासी बहनों द्वारा तैयार किए जा रहे हस्तनिर्मित उत्पाद अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं, बल्कि उनकी कला और परंपरा को भी नई पहचान दे रहे हैं। उन्होंने इस अभियान को हरसंभव सहयोग एवं प्रोत्साहन देने का आश्वासन भी दिया।
कैट की प्रतिनिधि विजयलक्ष्मी ने कहा कि कमली ट्राइबस का कार्य प्रेरणादायी है। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय स्तर पर भी इन उत्पादों को मंच उपलब्ध कराने तथा विपणन के नए अवसर उपलब्ध कराने का विश्वास दिलाया।
लघु उद्योग भारती की सीमा जी सहित अन्य अतिथियों ने भी वनवासी बहनों के कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रदर्शनी के दौरान निवृति कुमारी ने सभी बहनों से आत्मीयता से संवाद किया, उनके साथ व्यक्तिगत रूप से फोटो खिंचवाए तथा प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन किया। उनका अत्यंत सरल, सादगीपूर्ण एवं विनम्र व्यवहार सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं बहनों के लिए प्रेरणादायी रहा। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित राखियों एवं अन्य उत्पादों की विशेष सराहना करते हुए बताया कि वे पिछले पाँच वर्षों से कमली ट्रस्ट द्वारा निर्मित राखियाँ ही उपयोग करती आ रही हैं।
कार्यक्रम में राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद के पदाधिकारी प्रदेश संगठन मंत्री जगदीश कुलमी हररतन डामोर सह संगठन मंत्री, वीरेन्द्र प्रकाश पंचोली महामंत्री,रमेश्चंद्र मुदडा कोषाध्यक्ष, गोपल लाल कुमावत संरक्षक, कार्यकर्ता, दिनेश बम कोषाध्यक्ष वनांचल शिक्षा समिति,घेवरचंद समिति व्यवस्था प्रमुख, बप्पारावल जाग्रति संस्थान के अध्यक्ष भंवरलाल शर्मा,राजेंद्र प्रकाश शर्मा कोषाध्यक्ष, कमली ट्रस्ट से जुड़ी बहनें एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित यह नम्रता कौशल विकास केंद्र की राखी प्रदर्शनी 2 अगस्त तक राजस्थान वनवासी कल्याण परिषद कार्यालय में आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में वनवासी बहनों द्वारा निर्मित आकर्षक हस्तनिर्मित एवं डिज़ाइनर राखियों के साथ कमली ट्रस्ट के विभिन्न उत्पाद भी उपलब्ध हैं।
इस अवसर पर सभी नागरिकों से प्रदर्शनी में पधारकर स्वदेशी एवं हस्तनिर्मित उत्पादों की खरीद के माध्यम से वनवासी बहनों का उत्साहवर्धन करने का आग्रह किया गया। साथ ही “एक राखी सैनिक के नाम” अभियान के अंतर्गत देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों को राखी भेजने के इस अभियान में भी अधिक से अधिक लोगों से सहभागी बनने की अपील की गई।
