समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं जिलेभर से बड़ी संख्या में समाजजन होंगे शामिल
करेड़ा।स्मार्ट हलचल।राजस्थान युवा गुर्जर महासभा जिला भीलवाड़ा की नवनियुक्त जिला कार्यकारिणी एवं जिले की सभी तहसीलों के नव नियुक्त तहसील अध्यक्षों का शपथ ग्रहण समारोह आगामी 3 जुलाई 2026 को जिले के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक तीर्थस्थल भोजा पायरा में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर संगठन एवं समाज के कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा जिलेभर में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। राजस्थान युवा गुर्जर महासभा जिला भीलवाड़ा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नारायण लाल गुर्जर काकड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि समारोह में नवगठित जिला कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों के साथ साथ जिले की विभिन्न तहसीलों के नवनियुक्त तहसील अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों को विधिवत शपथ दिलाई जाएगी। समारोह का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत बनाना, युवाओं को सामाजिक नेतृत्व के लिए प्रेरित करना तथा समाजहित के कार्यों को गति प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि देवनारायण बोर्ड, राजस्थान सरकार के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना होंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना रहेंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता राजस्थान गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कालूलाल गुर्जर करेंगे। समारोह में राजस्थान युवा गुर्जर महासभा के प्रदेशाध्यक्ष गौरव गुर्जर, कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल वर्मा, साहित्यकार छीतरलाल कसाना, पूर्व उप प्रधान सुखलाल गुर्जर, जिलाध्यक्ष शंकरलाल गुर्जर, प्रदेश महामंत्री मोहनलाल सराधना सहित समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रबुद्धजन अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। जिलाध्यक्ष नारायण लाल गुर्जर काकड़ा ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं, युवाओं एवं महिलाओं के समारोह में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के माध्यम से संगठन की भावी कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी तथा समाज में शिक्षा, संगठन, युवा नेतृत्व, सामाजिक समरसता, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और समाजोत्थान जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने जिलेभर के समाजबंधुओं से अधिकाधिक संख्या में समारोह में पहुंचकर नव नियुक्त पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करने एवं संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान युवा गुर्जर महासभा समाज के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने तथा समाज के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह शपथ ग्रहण समारोह संगठन के लिए एक नई ऊर्जा और नई शुरुआत का प्रतीक बनेगा। राजस्थान युवा गुर्जर महासभा भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष नारायण लाल गुर्जर काकड़ा के अनुसार कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत, शपथ ग्रहण, संगठनात्मक संबोधन, समाजहित के विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श तथा सम्मान समारोह सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटे हुए हैं।
