अजय सिंह (चिंटू)
फतेहपुर शेखावाटी। स्मार्ट हलचल।भीषण गर्मी और करीब 48 डिग्री तापमान के बीच फतेहपुर शेखावाटी व रामगढ़ शेखावाटी के धोरों में राजस्थानी आध्यात्मिक फिल्म ‘भक्त सुंदरदास’ के प्रथम चरण की शूटिंग सफलतापूर्वक पूरी हुई। शशि सुंदर फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में कलाकारों और तकनीकी टीम ने कठिन मौसम के बावजूद समर्पण और जुनून के साथ काम किया।
फिल्म का शुभारंभ नगरदास गांव स्थित श्री बालाजी स्कूल एवं बालाजी मंदिर परिसर में हुआ, जहां निर्देशक बी.एल. मान, सह-निर्देशक संजय भाटी, डीओपी सुरेश खांडल सहित पूरी टीम मौजूद रही। स्कूल निर्देशक धर्मपाल मील और ताराचंद मील ने कलाकारों व टेक्नीशियन का सम्मान किया।
भक्ति, त्याग और आध्यात्मिक आस्था पर आधारित फिल्म की कहानी भंवर सिंह शेखावत ने लिखी है, जिन्होंने फिल्म में डबल रोल भी निभाया है। फिल्म में हर्षिका, अमन सिंह राठौड़, ऐश्वर्या, खुशी रानी, राकेश लोहरा (कॉमेडियन जॉनी) समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
लेखक-निर्देशक बी.एल. मान के अनुसार, फिल्म के जरिए राजस्थानी संस्कृति, लोक परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। फिल्म को राजस्थानी सिनेमा के लिए प्रेरणादायक पहल माना जा रहा है।