(बजरंग आचार्य)
सादुलपुर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राजगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एनएच-52 पर नाकेबंदी के दौरान एक कार से 20 किलो अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गश्त के दौरान मिली सफलता
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीकानेर रेंज आईजी के आदेशानुसार जिले भर में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (राजगढ़) रिछपाल सिंह और सहायक पुलिस अधीक्षक अभिजीत पाटिल के सुपरविजन में राजगढ़ थाना पुलिस की टीम 1 जनवरी 2026 को गश्त पर थी।
गश्त के दौरान एनएच-52 पर टाटा मोटर सर्विस सेंटर (गोठया बड़ी) के पास पुलिस टीम को एक संदिग्ध कार (नम्बर एच आर 20 एयु 8326) आती दिखाई दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाया और उसकी तलाशी ली।
हरियाणा का निवासी है आरोपी
तलाशी के दौरान कार से 20 किलो अवैध डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से ही आरोपी राजेश पुत्र दर्शन सिंह (39) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हिसार (हरियाणा) की डॉ. अम्बेडकर बस्ती, विकास नगर ऑटो मार्केट क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि नशे की यह खेप कहाँ से लाई गई थी और इसे कहाँ सप्लाई किया जाना था।
कार्यवाही करने वाली टीम
इस सफल ऑपरेशन में राजगढ़ थानाधिकारी उपनिरीक्षक सुरेश कुमार के नेतृत्व में कांस्टेबल जितेन्द्र (1316), कांस्टेबल संदीप कुमार (1222) और कांस्टेबल दिनेश कुमार (799) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













