राणा सांगा अदम्य वीर व न्यायप्रिय शासक थे, उनके जीवन से मिलती है संगठित रहने की सीख: प्रदीप सिंह सिंगोली

स्मार्ट हलचल: महापुरुष स्मरण
Rana Sanga, an indomitable warrior and a just ruler

 शिव लाल जांगिड़

लाडपुरा (माण्डलगढ़) |स्मार्ट हलचल.महान शूरवीर महाराणा सांगा की जयंती रविवार को माण्डलगढ़ स्थित सांगा भवन में समारोहपूर्वक और पूरे उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सभी गणमान्य जनों और युवाओं ने राणा सांगा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर इस महान वीर योद्धा को अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

संगठन से ही समाज मजबूत होता है

समारोह को संबोधित करते हुए मांडलगढ़ के पूर्व विधायक एवं क्षत्रिय समाज मांडलगढ़ के संरक्षक प्रदीप कुमार सिंह (सिंगोली) ने कहा कि राणा सांगा एक अदम्य वीर योद्धा होने के साथ-साथ एक न्यायप्रिय और स्वाभिमानी शासक थे। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “ऐसे वीर योद्धा के चरित्र से हमें सदैव संगठित रहने की सीख मिलती है। आज का दौर संगठित रहने का है, क्योंकि संगठन से ही समाज और राष्ट्र मजबूत होता है।”

युवाओं की भागीदारी से आगामी आयोजन होंगे और भव्य

राणा सांगा सेवा संस्थान मांडलगढ़ के अध्यक्ष कुलदीप सिंह श्यामपुरा ने महाराणा सांगा के विराट व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवा पीढ़ी से आह्वान किया कि आगामी कार्यक्रमों को और अधिक भव्य बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में एक आयोजन कमेटी का गठन कर सामूहिक निर्णय की भावना से कार्य किया जाएगा, जिसमें युवा पीढ़ी से और अधिक सक्रिय सहयोग लिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान संजय सिंह देवड़ा, राजेंद्र सिंह अमरतिया, के.पी. सिंह नाहरगढ़, महेंद्र सिंह धाकड़खेड़ी, फूल सिंह कानावत और शंकर सिंह कानावत ने भी अपने ओजस्वी विचार व्यक्त किए। समारोह का सफल संचालन दिनेश सिंह शक्तावत ने किया।

समारोह में इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति:

इस पुनीत अवसर पर ठाकुर भगवत सिंह नाहरगढ़ (लाला बना), ठाकुर अक्षय सिंह महुआ, अजयराज सिंह देवपुरा, नरपत सिंह सिंगोली, गिरधर गोपाल सिंह, प्रदीप सिंह राणावत, चंद्रवीर सिंह धाकड़ खेड़ी, मोहन सिंह लाडपुरा, अर्जुन सिंह राजावतों का खेड़ा, भगवत सिंह सोपुरा, जयदीप सिंह कानावत और विक्रम सिंह लाडपुरा सहित मांडलगढ़ क्षेत्र के कई क्षत्रिय युवा एवं प्रबुद्धजन उपस्थित थे।