शिवराज बारवाल मीना
टोंक/अलीगढ़। स्मार्ट हलचल|उनियारा उपखण्ड क्षेत्र के सोप कस्बे के वार्ड संख्या 1 से 4 में इस माह मार्च 2026 के दौरान खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाले गेहूं के वितरण में भारी अव्यवस्था सामने आई है। कम आवंटन के कारण सैकड़ों राशनकार्ड धारकों को निर्धारित मात्रा में गेहूं नहीं मिल पाया, जिससे आमजन में रोष व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार इन वार्डों में कुल 333 राशन कार्ड दर्ज हैं, जिनके लिए लगभग 70 क्विंटल गेहूं का कोटा निर्धारित है। लेकिन इस बार राशन डीलर को केवल 49 क्विंटल 43 किलो गेहूं ही प्राप्त हुआ।परिणामस्वरूप 224 राशन कार्डधारकों को ही गेहूं मिल सका, जबकि 109 परिवार अभी भी अपने हक से वंचित रह गए। राशन वितरण की अवधि 1 से 15 मार्च निर्धारित है, लेकिन तय समय के भीतर पूरा स्टॉक उपलब्ध नहीं हो पाया। स्थानीय उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्हें बार-बार राशन की दुकान के चक्कर लगाने पड़े। कई लोगों को मजदूरी छोड़कर आना पड़ा, जिससे उनकी दैनिक आय पर भी असर पड़ा। राशन डीलर शिव प्रसाद शर्मा ने बताया कि वितरण पूरी तरह सरकारी सूची और प्राप्त आवंटन के अनुसार किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस बार आवंटन कम मिलने और तेज वितरण के कारण सभी उपभोक्ताओं को गेहूं उपलब्ध कराना संभव नहीं हो पाया।उन्होंने प्रशासन से शेष उपभोक्ताओं के लिए अतिरिक्त गेहूं उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से अपील की है कि भविष्य में राशन वितरण के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित योजना बनाई जाए, ताकि सभी पात्र परिवारों को समय पर और समान रूप से खाद्यान्न मिल सके। वार्ड के बुजुर्गों और महिलाओं ने भी मांग की है कि राशन आपूर्ति में पारदर्शिता और नियमितता सुनिश्चित की जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। कुल मिलाकर, सोप कस्बे में दो-तीन दिनों में 49 क्विंटल 43 किलो गेहूं का वितरण तो कर दिया गया, लेकिन कम आवंटन के कारण बड़ी संख्या में परिवार अपने अधिकार से वंचित रह गए हैं। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई और अतिरिक्त आपूर्ति पर टिकी हुई है।
