अनिल कुमार
राशन वितरण में लापरवाही पड़ी भारी, गिरीराज की दुकान दुकानदार का लाइसेंस निलंबित
ब्यावर | स्मार्ट हलचल|जिला रसद विभाग ने आमजन के हक पर डाका डालने वाले लापरवाह दुकानदारों के खिलाफ सख्त रुख अपना लिया है। विजयनगर शहर में राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर जिला रसद अधिकारी (DSO) ने एक उचित मूल्य दुकान का प्राधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रवर्तन निरीक्षक, मसूदा की जांच रिपोर्ट में विजयनगर के उचित मूल्य दुकानदार गिरीराज (एफपीएस कोड 1461) के कामकाज में गंभीर खामियां और अनियमितताएं पाई गई थीं। रिपोर्ट के आधार पर जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक ने कार्रवाई करते हुए उक्त दुकान का लाइसेंस निलंबित करने के आदेश जारी किए।
उपभोक्ताओं के लिए वैकल्पिक इंतजाम:
प्रशासन ने सुनिश्चित किया है कि इस कार्रवाई से आम जनता के राशन वितरण पर कोई असर न पड़े। इसके लिए विभाग ने तुरंत निम्नलिखित वैकल्पिक व्यवस्थाएं लागू की हैं
मुख्य अटैचमेंट: निलंबित दुकान (कोड 1461) के उपभोक्ताओं को अब श्री मुकेश प्रजापत (कोड 1424) की दुकान से राशन मिलेगा।
अतिरिक्त व्यवस्था : कोट संख्या 1248 से जुड़े उपभोक्ताओं को वितरण के लिए रमेश चन्द्र (कोड 0998) की दुकान से संबद्ध किया गया है।
अधिकारियों का संदेश:
जिला रसद अधिकारी अब्दुल सादिक ने कहा, “आमजन को खाद्य सामग्री प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित वार्डों के पात्र उपभोक्ताओं को नियमानुसार और समय पर राशन मिले, इसके लिए वैकल्पिक केंद्रों को सख्त निर्देश जारी कर दिए गए हैं।”
