(बजरंग आचार्य)
सादुलपुर\स्मार्ट हलचल|29 जून और 30 जून 2025 की दरमियानी रात को रतनपुरा गांव में हुई भीषण डकैती और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात के मुख्य साजिशकर्ता को राजगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भटिंडा, पंजाब की विमला (45) को हरियाणा से पकड़ा गया है। इस मामले में पहले ही चार अन्य आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें विमला का बेटा भी शामिल है।
यह संगीन वारदात रतनपुरा में दो ढाणियों में हुई थी, जहां हथियारबंद बदमाशों ने डकैती के साथ-साथ सामूहिक दुष्कर्म को भी अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने शेष आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, राजगढ़, किशोरीलाल और वृत्ताधिकारी, राजगढ़ (अति प्रभार), रोहित सांखला के निकट पर्यवेक्षण में थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
पुलिस टीम ने अपनी कुशल कार्यशैली का परिचय देते हुए 18 जुलाई 2025 को पहले चार मुख्य अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ और अन्य खुफिया जानकारी के आधार पर इस जघन्य अपराध की मुख्य साजिशकर्ता विमला पत्नी धर्मेंद्र सिंह, निवासी रामपुरा शहर, भटिंडा, पंजाब को हरियाणा से दबोच लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ और अनुसंधान से पता चला है कि पहले गिरफ्तार किए गए चार अभियुक्तों में से संजय कुमार, मास्टरमाइंड विमला का बेटा है। चौंकाने वाली बात यह है कि विमला ने ही अपने बेटे संजय के साथ मिलकर वारदात से एक दिन पहले परिवादी के घर की रेकी की थी और इस पूरी घटना की साजिश रची थी।
राजगढ़ पुलिस थाने की गठित टीम ने लगातार कड़ी मेहनत और लगन का प्रदर्शन किया है, जिसके परिणामस्वरूप बहुत कम समय में न केवल इस सनसनीखेज घटना का पर्दाफाश हुआ, बल्कि पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी भी संभव हो सकी।