:- मेवाड़ गौरव एवं प्रखर वक्ता पूज्य गुरुदेव श्री रविन्द्र मुनि जी म.सा. के स्वागत को लेकर तैयारिया पूर्ण ,
:- सुबह 9 बजे निकलेगी भव्य शोभायात्रा
राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी।स्मार्ट हलचल|धर्मनगरी कोटड़ी में सोमवार को एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक क्षण की साक्षी बनेगी, जब मेवाड़ गौरव एवं प्रखर वक्ता परम पूज्य गुरुदेव श्री रविन्द्र मुनि जी महाराज साहब अपने दीक्षा जीवन के 24वें चातुर्मास के लिए भव्य मंगल प्रवेश करेंगे। इस अवसर पर पूरे जैन समाज सहित क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल है।
मंगल प्रवेश के तहत सुबह 9 बजे भगवानपुरा मार्ग स्थित पारस वाटिका से विशाल शोभायात्रा प्रारंभ होगी। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर सदर बाजार स्थित शीतल भवन पहुंचेगी, जहां मंगलपाठ के साथ गुरुदेव का प्रवेश होगा। इसके पश्चात श्री चारभुजानाथ मंदिर प्रांगण में धर्मसभा आयोजित की जाएगी।
पूज्य श्री रविन्द्र मुनि जी महाराज साहब का यह जीवन का 24वां चातुर्मास है। उन्होंने अब तक मेवाड़, मारवाड़ एवं मालवा के अनेक नगरों में धर्मप्रभावना करते हुए हजारों श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, संस्कार और सदाचार की प्रेरणा दी है। उनकी ओजस्वी एवं प्रभावशाली वाणी के कारण वे देशभर में “मेवाड़ गौरव” और “प्रखर वक्ता” के रूप में विशेष पहचान रखते हैं। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, स्वाध्याय, तप-आराधना, धर्मसभा, युवा एवं महिला प्रेरणा कार्यक्रम तथा विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। आयोजन की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
श्री वर्द्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ के अध्यक्ष निर्मल लोढ़ा, श्री शीतल वेणी मोहन चातुर्मास समिति के अध्यक्ष शान्ति लाल पोखरना, श्री यश सिद्ध महिला मण्डल के अध्यक्ष अंजू लोढा एवं श्री महावीर नवयुवक मण्डल के अध्यक्ष ऋषभ लोढा सहित विभिन्न समितियों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर मंगल प्रवेश एवं धर्मसभा का लाभ लेने की अपील की है।
