रायला: पैरों पर अफीम बांधकर रोडवेज बस में कर रहा था तस्करी, 2 किलो 066 ग्राम मादक पदार्थ के साथ चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार

रायला: पैरों पर अफीम बांधकर रोडवेज बस में कर रहा था तस्करी, 2 किलो 066 ग्राम मादक पदार्थ के साथ चित्तौड़गढ़ का तस्कर गिरफ्तार

रायला (स्मार्ट हलचल)। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ भीलवाड़ा पुलिस का सख्त अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में रायला थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 2 किलो 066 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह शातिर तस्कर पुलिस से बचने के लिए अफीम को अपने पैरों पर टेप से बांधकर राजस्थान रोडवेज की बस में सफर कर रहा था।

नाकाबंदी में रोडवेज बस रुकवाई, उतर कर भागने लगा तस्कर

रायला थानाधिकारी मूलचंद वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम 30 अप्रैल 2026 को थाने के सामने राजमार्ग पर नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान भीलवाड़ा की तरफ से आ रही राजस्थान रोडवेज की बस (भरतपुर डिपो, RJ 13 PB 0386) को रुकवाकर चेक किया गया। पुलिस को देखकर एक युवक बस से उतरकर भागने लगा, जिसे जवानों ने घेराबंदी कर दबोच लिया।

पैरों पर पीले रंग की टेप से चिपका रखी थी अफीम

पकड़े गए आरोपी की पहचान किशन (32) पुत्र लक्ष्मण बैरवा (निवासी तुमडिया, थाना साड़ास, जिला चित्तौड़गढ़) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के दोनों पैरों पर पीले रंग की टेप से बंधी हुई दो प्लास्टिक की थैलियां मिलीं, जिनमें 2 किलो 066 ग्राम अफीम भरी हुई थी।

पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच गुलाबपुरा थानाधिकारी संजय गुर्जर कर रहे हैं। इस पूरी कार्रवाई में डीएसटी के कांस्टेबल राकेश भंडारी का विशेष योगदान रहा।