रायला (लकी शर्मा)।रायला दिल्ली के उत्तम नगर में होली (धुलंडी) के दिन तरुण खटीक की हत्या के विरोध में सोमवार को रायला कस्बा बंद रहा। विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में विभिन्न हिंदू संगठनों व समाज के लोगों ने एकत्रित होकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और फांसी की सजा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रायला चौराहे पर टायर जलाकर विरोध जताया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपियों को जल्द से जल्द कड़ी सजा दिलाने की मांग की गई। ज्ञापन देने के बाद बाजार की दुकानें खोल दी गईं और कस्बे में सामान्य गतिविधियां शुरू हो गईं। पूरे घटनाक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रायला पुलिस का जाब्ता मौके पर तैनात रहा।
