रायला में करोड़ों की सड़क बनी परेशानी, अधूरा निर्माण बना मुसीबत, बरसात से पहले सड़क ने बढ़ाई चिंता

रायला (लकी शर्मा/ बंटी दरगड़)
रायला कस्बे में रायला चौराहे से लेकर रायला गांव तक बन रही करीब करोड़ो की सड़क का निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क के किनारों पर नालियों का निर्माण भी नहीं हुआ, जिससे गंदा पानी जमा हो रहा है और आवागमन में दिक्कत बढ़ रही है। बरसात का मौसम नजदीक होने के कारण लोगों की चिंता और बढ़ गई है। जगह-जगह से सड़क उखड़ने लगी है, जबकि निर्माण कार्य शुरू हुए अभी छह माह भी पूरे नहीं हुए हैं।
बताया जा रहा है कि इस सड़क के लिए पहले से ही करोड़ो रु की स्वीकृति मिली थी, जिसे बाद में विधायक डॉ. लालाराम बैरवा द्वारा ओर भी पैसा बढ़ाया हे इसके बावजूद अधूरा और घटिया निर्माण कार्य लोगों में नाराजगी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत के चलते काम में लापरवाही बरती जा रही है।
ग्राम पंचायत द्वारा भी निर्माण कार्य पूरा करवाने के लिए पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्य पूरा नहीं हुआ तो उच्च अधिकारियों से शिकायत कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

ठेकेदार का पक्ष
पवन मेवाड़ा (प्रोपराइटर, जगदंबा इंडस्ट्रीज) ने बताया कि
“दो-चार दिनों में उखड़ी हुई सड़क का निर्माण कर दिया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग एवं जलदाय विभाग के समन्वय से दोनों ओर नालियां भी बनाई जाएंगी।”

विभाग का पक्ष
सिद्धार्थ सिंह (सहायक अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग बनेड़ा) ने कहा कि
“ठेकेदार फिलहाल बाहर है, उसके आने के बाद कार्य फिर से शुरू कर दिया जाएगा।”