शीर्षासन में हनुमान चालीसा का पाठ कर संजय माली ने रचा इतिहास, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

 

पिता की प्रेरणा और 5 साल की साधना लाई रंग:

अनिल कुमार

ब्यावर। स्मार्ट हलचल|योग साधना के प्रति अटूट समर्पण और पिता के संस्कारों ने ब्यावर के संजय कुमार माली को राष्ट्रीय पटल पर नई पहचान दिलाई है। छावनी पावर हाउस में सीए-द्वितीय के पद पर कार्यरत संजय ने योग की अत्यंत कठिन मुद्रा ‘शीर्षासन’ में लगातार 5 मिनट 40 सेकंड तक उल्टे खड़े रहकर हनुमान चालीसा और श्री राम स्तुति का पाठ कर ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ (IBR) में अपना नाम दर्ज कराया है।

संस्था की ओर से संजय को ‘आईबीआर अचीवर’ के खिताब से नवाजा गया है। उनकी इस उपलब्धि का वीडियो और फोटो संस्था के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों के साथ-साथ राष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित होने वाले भव्य वार्षिक समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।

अपनी इस ऐतिहासिक सफलता को अपने दिवंगत पिता की पावन स्मृतियों में समर्पित करते हुए संजय ने कहा, “बचपन में रोज सुबह पिताजी को योग करते देख ही मुझे प्रेरणा मिली थी। आज वे मेरे साथ नहीं हैं, लेकिन उनका आशीर्वाद और 5 साल की मेहनत रंग लाई है।” संजय की इस सफलता से विद्युत विभाग के सहकर्मियों, परिजनों और ब्यावर शहरवासियों में खुशी की लहर है।