गैस सिलेंडर की कीमतों व सप्लाई में कमी के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन-सरकार के खिलाफ नारेबाजी

शिवराज बारवाल मीना

टोंक । सरकार की ओर से रसोई गैस के बढ़ते दामों और एलपीजी गैस की सप्लाई में कमी को लेकर शुक्रवार को जिला मुख्यालय घंटाघर पर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए आमजन पर बढ़ते महंगाई के बोझ को कम करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस के लगातार बढ़ते दामों से आम परिवारों की रसोई का बजट बिगड़ गया है, वहीं एलपीजी सिलेंडर की समय पर आपूर्ति नहीं होने से लोगों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने सरकार से गैस की कीमतों में राहत देने और नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सऊद सईदी, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिप्रसाद बैरवा, निवाई के पूर्व विधायक कमल लोधा, कांग्रेस मानवाधिकार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष इम्तियाज खान, कांग्रेस देहात ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती कैलाशी देवी मीणा सहित जिला कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।