रील्स और फिल्मों का असर: माँ की डांट से नाराज 11 साल की बच्ची ने रची खुद के अपहरण की झूठी कहानी, पुलिस जांच में खुला चौंकाने वाला राज

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा। मोबाइल पर फिल्में और रील्स देखकर प्रभावित हुई एक 11 वर्षीय बालिका ने अपने ही अपहरण की झूठी कहानी रचकर गांधी नगर थाना पुलिस को घंटों उलझाए रखा। पुलिस की सतर्कता और जांच में मामला पूरी तरह मनगढ़ंत निकला। दरअसल, मां की डांट से नाराज होकर बालिका घर से निकल गई थी और बाद में घर लौटने का रास्ता नहीं मिलने पर उसने अपहरण की कहानी बना दी।

जानकारी के अनुसार गांधी नगर थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि द्वारिका कॉलोनी में एक बालिका संदिग्ध हालत में मिली है, जो अपने अपहरण की बात कह रही है। सूचना पर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटिया पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। बालिका ने पुलिस को बताया कि कुछ लोग उसके घर आए और उसे नशीला लड्डू खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद उसे ट्रक में डालकर ले जाया गया, जहां पहले से दो अन्य बच्चियां भी मौजूद थीं। बालिका ने दावा किया कि वह मौका देखकर ट्रक से कूदकर भाग निकली।

बालिका की कहानी सुनने के बाद पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि बालिका की मां ने सुबह पड़ोसी के लिए गलत सामान लाने पर उसे डांट दिया था। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई थी। बाद में रास्ता भटकने पर उसने टीवी सीरियल और फिल्मों से प्रेरित होकर झूठे अपहरण की कहानी बना ली।

गांधी नगर थाना प्रभारी पुष्पा कासोटियां ने बताया कि सुबह 11 – 11.30 के आसपास कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक 11-12 वर्षीय बच्ची के अपहरण किया गया है और वह द्वारिका कॉलोनी में खड़ी हुई है। में ई मेरी टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो बच्ची ने बताया कि ट्रक चालक उसे अगवा कर ले गए थे और ट्रक में दो अन्य बच्चियां भी थीं। बच्ची ने यह भी कहा कि वह मौका देखकर ट्रक से कूदकर भाग निकली। इस पर तुरंत हमने सीसीटीवी फुटेज, आसपास के लोगों से पूछताछ और जांच की तो कहानी झूठी निकली। इस पूरे मामले में सामने आया कि बच्ची को उसकी मां ने सुबह पड़ोसी के लिए गलत सामान लाने पर डांटा था, जिसके बाद वह घर से निकल गई। इसके बाद उसने टीवी सीरियल से प्रेरित होकर अपने अपहरण की मनगढ़ंत कहानी बना दी। हमने बच्ची को समझाया कि ऐसी झूठी कहानियां खतरनाक हो सकती हैं और किसी अनहोनी का कारण बन सकती हैं। बच्ची ने दोबारा ऐसी गलती नहीं करने का भरोसा दिलाया।