सूरौठ।स्मार्ट हलचल|उदयपुर में 12 जनवरी से शुरू होने वाली 69 वीं राष्ट्रीय विद्यालयी हॉकी 19 वर्ष खेल प्रतियोगिता के लिए सूरौठ निवासी शारीरिक शिक्षा के व्याख्याता वीरेंद्र सिंह राजावत को रेफरी नियुक्त किया गया है। खेलकूद विभाग के बीकानेर उपनिदेशक ने आदेश जारी कर राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सूरौठ में कार्यरत शारीरिक शिक्षा के व्याख्याता वीरेंद्र सिंह को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में रेफर शिप करने की जिम्मेदारी सौंपी है। हॉकी 19 वर्ष छात्र-छात्रा वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता उदयपुर के खेल गांव स्ट्रोटर्फ बीएन कॉलेज के मैदान पर 12 जनवरी से 17 जनवरी तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से 44 टीमें भाग लेंगी। वीरेंद्र सिंह को नेशनल हॉकी प्रतियोगिता में रेफरी बनाए जाने पर हॉकी राजस्थान के अध्यक्ष अरुण सारस्वत, शारीरिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष राजेश सहारिया सहित काफी लोगों ने हर्ष जताया है।


