सीएलजी बैठक में चुनाव को लेकर पुलिस ने की चर्चा, महिला सुरक्षा सहित क्षेत्रीय समस्याओं पर हुआ मंथन

बिन्टू कुमार

नारायणपुर| स्मार्ट हलचल|स्थानीय पुलिस थाने में बुधवार को थाना प्रभारी रोहिताश कुमार की अध्यक्षता में सीएलजी सदस्यों, सुरक्षा सखियों, ग्राम रक्षकों एवं पुलिस मित्रों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर पुलिस एवं सदस्यों के बीच विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने सभी सदस्यों से क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आह्वान किया। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे सुदृढ़ राजस्थान अभियान के संबंध में भी सदस्यों को जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने अभियान के उद्देश्यों और पुलिस-जनसहयोग के महत्व पर चर्चा करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में आमजन की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदस्यों से पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। इस दौरान क्षेत्र में आने वाली विभिन्न समस्याओं पर भी सदस्यों से सुझाव लिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था, महिलाओं की सुरक्षा तथा सामाजिक स्तर पर होने वाली समस्याओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया। थाना प्रभारी ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूक रहने तथा किसी भी घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने की बात कही। बैठक में जलेसिंह मीणा, रोशनलाल सैनी, मोतीलाल जांगिड़, ललित सैनी, लक्ष्मण दर्जी, नत्थु प्रजापत, बद्री प्रसाद गुर्जर, बिशन कंवर, सुनीता यादव, पिंकी मीणा, कृपा सैनी, संध्या कंवर, प्रियंका वर्मा सहित बड़ी संख्या में सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक एवं पुलिस मित्र मौजूद रहे।