ब्यावर में गहराते जल संकट के बीच राहत: बीसलपुर से अब प्रतिदिन मिलेगी 3 MLD अतिरिक्त जलापूर्ति

अनिल कुमार

 

कांग्रेस के दबाव के आगे झुका जलदाय विभाग, अधिशासी अभियंता ने पेश किया सुधार का मास्टर प्लान

अमृत 2.0 से बदलेगी ब्यावर की तस्वीर: बिछाई जाएगी नई पाइपलाइन, बनेंगे 5 नए उच्च जलाशय

स्मार्ट हलचल|ब्यावर शहर में पेयजल संकट के स्थाई समाधान और जनता को उनके मूलभूत अधिकार दिलाने हेतु ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में आज कांग्रेस नेताओं के एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार जूनवाल से तीखी वार्ता की। इस दौरान विभाग ने स्वीकार किया कि कांग्रेस के निरंतर आंदोलनों और जन-दबाव के कारण शहर की जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

आंदोलन का बड़ा असर: बढ़ी पानी की मात्रा
अधिशासी अभियंता ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व में शहर को बीसलपुर परियोजना से मिलने वाली 23 एमएलडी सप्लाई को बढ़ाकर अब 26 एमएलडी (3 एमएलडी अतिरिक्त) कर दिया गया है। इसके साथ ही जवाजा फीडर से भी अतिरिक्त 3 एमएलडी पानी जुटाने की योजना अंतिम चरण में है, जिससे भीषण गर्मी में शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

अमृत 2.0 और भविष्य का मास्टर प्लान
वार्ता के दौरान विभाग ने भविष्य की योजनाओं का विवरण साझा किया:

नई पाइपलाइन: अमृत 2.0 योजना के तहत शहर के उन हिस्सों में नई लाइनें बिछाई जाएंगी जहाँ वर्तमान में ‘लो-प्रेशर’ की समस्या है।

नए जलाशय: शहर की बढ़ती आबादी को देखते हुए 5 नई पानी की टंकियों (उच्च जलाशयों) का निर्माण प्रस्तावित किया गया है।

लीकेज मरम्मत: गैस और सीवरेज लाइन के कारण क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइनों को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने का काम संवेदक द्वारा शुरू कर दिया गया है।

जनता की सुविधा हेतु कंट्रोल रूम
आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विभाग ने 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम (नंबर: 8279100654, 8279100698) की स्थापना की है। साथ ही व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए वार्ड-वार जलापूर्ति की सूचना साझा की जाएगी।

संघर्ष रहेगा जारी: अजय शर्मा
ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “प्रशासन द्वारा उठाए गए कदम हमारी सजगता का परिणाम हैं, लेकिन जब तक शहर के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को शुद्ध और पर्याप्त पानी नहीं मिल जाता, तब तक हमारा संघर्ष विराम नहीं लेगा।”

शिष्टमंडल में ये रहे मौजूद
इस दौरान आशीषपाल पदावत (प्रदेशाध्यक्ष, कांग्रेस खनन विभाग), अज़मत काठात (ज़िलाध्यक्ष, अल्पसंख्यक विभाग), वरिष्ठ नेता राजेन्द्र ओस्तवाल, बृजवल्लभ पाराशर सहित सतीश जाग्रत, अभिषेक जैन, मनोज शर्मा, गोपाल डाणी, विपिन अग्रवाल एवं अन्य प्रमुख कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।