किसानों और उपभोक्ताओं को राहत की तैयारी

नोखा चांदावता में निर्माणाधीन 132 केवी जीएसएस का विधायक डांगा ने लिया जायजा।

मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में तेजी से चल रहे विकास कार्यों के तहत निकटवर्ती गांव नोखा चांदावता में निर्माणाधीन 132 केवी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) का शनिवार को विधायक रेवंत राम डांगा ने औचक निरीक्षण किया। विधायक ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा का विस्तार से जायजा लिया तथा अधिकारियों और ठेकेदारों को कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
शनिवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे विधायक डांगा अचानक निर्माण स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने जीएसएस परिसर में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष गजेंद्र सिंह चांदावत ने विधायक को जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से बेहतर बिजली आपूर्ति की मांग उठ रही थी। किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय पर्याप्त तीन फेज बिजली उपलब्ध कराने तथा आम उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत सप्लाई देने के उद्देश्य से इस 132 केवी जीएसएस का निर्माण कराया जा रहा है।
विधायक डांगा ने निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और निर्धारित समयावधि में जीएसएस को पूर्ण कर आमजन को इसका लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी तथा बिजली संबंधी समस्याओं में काफी हद तक राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से तकनीकी पहलुओं की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है और बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाना प्राथमिकता में शामिल है।
इस अवसर पर सुभाष कटारिया, सुगन सिंह भाटी, राजू सिंह चांदावत, दौलत सिंह चांदावत, मानवेंद्र सिंह चांदावत, ओमप्रकाश देवासी, प्रहलाद सिंह कच्छावा, रामपाल कमेडिया, लाइनमैन अर्जुन सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।