पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने आचार्य श्री निपुणरत्न सूरीश्वरजी से प्राप्त किया मंगल आशीर्वाद
निंबाहेड़ा, 25 जून (ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलचल।मेवाड़ की पुण्यभूमि निंबाहेड़ा में पारख परिवार के सान्निध्य में आयोजित श्री सुमतिनाथ जैन श्वेताम्बर मंदिर प्रतिष्ठा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हो रहा है। प्रतिष्ठा महोत्सव के चतुर्थ दिवस गुरुवार को शुभ मुहूर्त में भगवान श्री शंखेश्वर पार्श्वनाथ, श्री मुनिसुव्रत स्वामी, श्री नाकोड़ा भैरवदेव एवं श्री पद्मावती माताजी सहित विभिन्न देव-देवियों की प्रतिमाओं की भव्य प्रतिष्ठा विधि सम्पन्न हुई।
प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा जिनशासन के जयघोषों एवं मंगलमय धार्मिक अनुष्ठानों से सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। आचार्य भगवंत पूज्य श्री निपुणरत्न सूरीश्वरजी महाराज साहब के पावन सान्निध्य एवं मंगल प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को धर्म, संयम एवं सदाचार का संदेश प्रदान किया।
इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना पारख परिवार के निवास पर पहुंचे तथा पूज्य आचार्यदेव श्री निपुणरत्न सूरीश्वरजी महाराज साहब से मंगल आशीर्वाद प्राप्त कर प्रतिष्ठा महोत्सव की सफलता एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में निंबाहेड़ा नगर पालिका के निवर्तमान अध्यक्ष सुभाषचन्द्र शारदा, चित्तौड़गढ़ जिला फुटबॉल संघ अध्यक्ष पूरन आंजना, छोटी सादड़ी नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमृत बंडी, क्रय-विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, नगर कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव रवि प्रकाश सोनी, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना,मनोहर सिंह आंजना, सुरेश कृपलानी, बाड़ी कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जीवन आंजना, केली कांग्रेस मंडल अध्यक्ष पिंकेश जैन, राजीव गांधी पंचायती राज प्रकोष्ठ नगर अध्यक्ष रोमी पोरवाल, नगर कांग्रेस कमेटी सचिव आशीष अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने भी पूज्य आचार्यश्री से आशीर्वाद प्राप्त कर धर्मलाभ लिया।
प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, पूजन-विधान, भक्ति कार्यक्रम एवं मंगल प्रवचन निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें जैन समाज के श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर पुण्यार्जन कर रहे हैं।
