150 से अधिक बुजुर्गों व बच्चों ने देखी ‘हनुमान अंश’, भावुक दृश्यों पर नम हुईं आंखें
कोटा।स्मार्ट हलचल|रोटरी क्लब पद्मिनी की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत वृद्धाश्रम के बुजुर्गों एवं करणी विकास समिति के बच्चों को शहर के टॉकीज में धार्मिक-सामाजिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ दिखाई गई। इसमें 150 से अधिक बुजुर्गों व बच्चों ने फिल्म का आनंद लिया। फिल्म के भावुक प्रसंगों पर बुजुर्गों की आंखें नम हो गईं, वहीं बच्चों ने नीम करौली बाबा के चमत्कारों के दृश्य देखकर उत्साह व्यक्त किया। फिल्म के दौरान कई बार जय श्रीराम एवं भगवान हनुमान के जयकारे गूंजे।
अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बुजुर्गों एवं बच्चों को मनोरंजन के साथ धार्मिक भावनाओं से जोड़ना तथा सामूहिक आनंद का अवसर प्रदान करना था। अनाथालय से बच्चों को सिनेमाघर तक लाने के लिए शुभा गुप्ता के सहयोग से वाहनों की व्यवस्था की गई।
उन्होंने बताया कि फिल्म के टिकट का सहयोग क्लब सदस्य सुनीता पाण्डेय ने किया, जबकि रिफ्रेशमेंट की व्यवस्था सोनिया लखोटिया की ओर से की गई। इस पहल से बुजुर्गों एवं बच्चों को साथ में समय बिताने और धार्मिक फिल्म का आनंद लेने का अवसर मिला।
इस अवसर पर सदस्य सम्मो आनंद, शिल्पा माहेश्वरी, गुरविंदर अहलूवालिया, रंजना सेठी, सविता मंत्री एवं नमिता अग्रवाल उपस्थित रहीं।