अनिल जांगिड़
स्मार्ट हलचल।गर्मी बढ़ने के साथ ही रिहायशी क्षेत्रों में सांपों की आवाजाही तेज हो गई है। इसी क्रम में पुलिस मित्र, सर्प शिक्षक एवं वन मित्र सुरेंद्र सिंह भाटी द्वारा विभिन्न स्थानों पर रेस्क्यू अभियान चलाते हुए आठ सांपों एवं एक मॉनिटर लिज़ार्ड को सुरक्षित पकड़ा गया।भाटी ने बताया कि बड़ी ग्राम में रामेश्वर जांगिड़ के घर के दरवाजे में फंसे स्पेक्टिकल कोबरा का देर रात रेस्क्यू किया गया। वहीं कन्हैया एग्रो के बारदान से इंडियन ब्लैक कोबरा, नरेंद्र पीपाड़ा के यहां से चार फीट लंबा रैट स्नेक, जय भोले कॉलोनी में पत्थरों के बीच से त्रिंकेट स्नेक तथा देबी लाल गुर्जर के खेत स्थित होद से चेकर्ड कीलबैक स्नेक को सुरक्षित निकाला गया।
इसी प्रकार इंदिरा कॉलोनी 60 फीट रोड स्थित मकान से घायल चेकर्ड कीलबैक स्नेक, गोपाल भटा रोड पर मकान की सीढ़ियों से स्पेक्टिकल कोबरा तथा सिंधी कॉलोनी में हेमंत कुमार आशवानी के घर के कमरे से मॉनिटर लिज़ार्ड का रेस्क्यू किया गया।
इसके अलावा मांगीलाल चौधरी के खेत में पाइपलाइन में फंसे सात फीट लंबे रैट स्नेक के कारण मोटर के प्रेशर से पाइपलाइन तीन स्थानों से लीक हो गई, बाद में सर्प को बाहर निकाला गया।
रेस्क्यू के दौरान “सर्प शिक्षा अभियान – सर्पदंश मृत्यु विहीन भारत” के तहत आमजन को सांपों से बचाव, उपचार एवं सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक और भयमुक्त किया गया।
