कोटा के डॉ. अनीश गुप्ता ने चीन में बढ़ाया भारत का मान, शोधपत्र को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

बीजिंग में डॉ. अनीश गुप्ता ने रखा आयुर्वेद का पक्ष, शोधपत्र को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति पुरस्कार
कोटा से विश्व मंच तक: डॉ. अनीश गुप्ता की शोध प्रस्तुति को चीन में मिली बड़ी पहचान
कोटा के चिकित्सक डॉ. अनीश गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत किया शोधपत्र

कोटा। स्मार्ट हलचल।राजस्थान के कोटा शहर के प्रतिष्ठित एक्यूपंक्चर विशेषज्ञ, आयुर्वेद चिकित्सक एवं शोधकर्ता डॉ. अनीश गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों का गौरव बढ़ाते हुए चीन में आयोजित एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक सम्मेलन में अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। उनके शोधपत्र को उत्कृष्टता के लिए “बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।
डॉ. गुप्ता को चीन सरकार के प्रतिष्ठित संस्थान चाइना एकेडमी ऑफ चाइनीज मेडिकल साइंसेज (CACMS), बीजिंग द्वारा विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। इस अवसर पर उन्होंने **“द ब्रिज बिटवीन आयुर्वेद एंड ट्रेडिशनल चाइनीज मेडिसिन : ए शेयर्ड जर्नी ऑफ विजडम” विषय पर अपना शोधपत्र प्रस्तुत किया। अपने शोध में उन्होंने आयुर्वेद और पारंपरिक चीनी चिकित्सा (टीसीएम) के साझा सिद्धांतों, दोनों चिकित्सा प्रणालियों की वैज्ञानिक उपयोगिता तथा वैश्विक स्वास्थ्य सेवाओं में उनके समन्वय की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
डॉ. गुप्ता ने अपने प्रस्तुतीकरण में बताया कि भारत और चीन की हजारों वर्षों पुरानी चिकित्सा परंपराएं आज भी समग्र स्वास्थ्य एवं रोग निवारण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने दोनों प्रणालियों के अनुभवों और ज्ञान को एकीकृत कर विश्व मानवता के लिए अधिक प्रभावी स्वास्थ्य मॉडल विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उनके शोधकार्य की गुणवत्ता और विषय की प्रासंगिकता को देखते हुए संस्थान के निदेशक प्रोफेसर डॉ. रोंग पेजिंग ने उन्हें “बेस्ट पेपर प्रेजेंटेशन अवॉर्ड” प्रदान किया।
डॉ. अनीश गुप्ता पिछले तीन दशकों से अधिक समय से एक्यूपंक्चर एवं आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने देशभर में दो लाख से अधिक रोगियों का उपचार किया है तथा अनेक जटिल रोगों पर शोध एवं चिकित्सा कार्य किया है। वर्तमान में वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एक्यूपंक्चर रिसर्च एंड एलाइड साइंसेज, कोटा के निदेशक एवं प्राचार्य हैं तथा एक्यूपंक्चर साइंस एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दे रहे हैं।