दिनेश कुमार सुवालका भटेड़ा
भीलवाड़ा- स्मार्ट हलचल|बनेड़ा- पंचायती राज आम चुनाव 2026 को लेकर ग्रामीण नेताओं का लंबे समय से चल रहा इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया। उपखंड मुख्यालय पर प्रशासन द्वारा बनेड़ा तहसील की 29 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों और 289 वार्डों के वार्ड पंचों के लिए आरक्षण की लॉटरी पूरी पारदर्शिता के साथ निकाली गई। उपखंड अधिकारी बाबूलाल (एसडीओ/एसडीएम) और निर्वाचन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस प्रक्रिया के बाद अब क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां पूरी तरह तेज हो गई हैं।आरक्षण सूची सार्वजनिक होते ही कई दावेदारों के चेहरे खिल उठे, तो वहीं कई गांवों में समीकरण बदलने से दिग्गज नेताओं को मायूसी हाथ लगी है। सरपंच की 29 सीटों और 289 वार्डों में अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और सामान्य वर्ग (General) के लिए वर्गीकरण किया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार के नियमानुसार सभी वर्गों में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं।
*गांवों में बदली राजनीतिक बिसात*
लॉटरी के नतीजे सामने आते ही कई पंचायतों में बरसों से तैयारी कर रहे भावी उम्मीदवारों के गणित बिगड़ गए हैं। महिला आरक्षित घोषित हुई सीटों पर अब कई दिग्गज नेता अपनी पत्नियों या परिवार की महिला सदस्यों को चुनाव मैदान में उतारने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। वहीं, सामान्य हुई सीटों पर इस बार कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा।