जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 56 और जनाधार के 35 प्रकरणों का हुआ निस्तारण
गंगापुर सिटी।स्मार्ट हलचल|नगर परिषद गंगापुर सिटी की ओर से नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार संचालित सेवा सेतु अभियान-2026 के तहत शुक्रवार को वार्ड संख्या 1 से 60 तक के फॉलोअप शिविर का आयोजन नगर परिषद सभागार में किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नागरिक सुविधाओं से संबंधित प्रकरणों का निस्तारण कर आमजन को राहत प्रदान की गई।नगर परिषद आयुक्त के अनुसार शिविर में पट्टों, भवन निर्माण स्वीकृति, नाम हस्तांतरण, स्ट्रीट लाइट, यूडी टैक्स, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन, पेंशन, पालनहार योजना, जनाधार, खाद्य सुरक्षा, विद्युत, सीवरेज एवं पेयजल सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया गया।
शिविर में जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीयन के 56, जनाधार के 35, पालनहार योजना के 11, पूरक पोषाहार के 8, पेयजल के 6, घर-घर कचरा संग्रहण के 5, स्ट्रीट लाइट के 4, पट्टों के 3, यूडी टैक्स के 2, नाम हस्तांतरण के 2, पेंशन का 1 तथा भवन निर्माण स्वीकृति का 1 प्रकरण निस्तारित किया गया। इसके अलावा विद्युत विभाग के 4 प्रकरणों सहित अन्य सेवाओं से संबंधित मामलों का भी निस्तारण किया गया।
अभियान के अंतर्गत नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जा रही हैं। साथ ही आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं परिवादों का मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
नगर परिषद प्रशासन ने वार्डवासियों से अपील की है कि वे सेवा सेतु अभियान-2026 के माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं का लाभ उठाएं।