(सुघर सिंह सैफई)
नई दिल्ली।स्मार्ट हलचल।उत्तर प्रदेश कैडर के वर्ष 1993 बैच के सेवानिवृत्त अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रेम प्रकाश ने आज हरिद्वार में सांसद चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) एवं भीम आर्मी की सदस्यता ग्रहण कर सक्रिय राजनीति में नई पारी की शुरुआत की।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद पूर्व एडीजी प्रेम प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पार्टी के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सशक्त एवं संगठित बनाने के लिए वह पूरी लगन से कार्य करेंगे।
प्रेम प्रकाश ने अपने फेसबुक पेज पर इस अवसर पर कहा है, “साथियों, जय भीम! कल हरिद्वार में सांसद चंद्रशेखर आजाद जी के नेतृत्व में मैंने आज़ाद समाज पार्टी एवं भीम आर्मी की सदस्यता ग्रहण की। मैं संकल्प लेता हूँ कि पार्टी के उद्देश्यों को सफल बनाने तथा बहुजन समाज को सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के लिए पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करूंगा। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक जिम्मेदार कार्यकर्ता के रूप में जी-जान से मेहनत करूंगा। आप सभी के आशीर्वाद, मार्गदर्शन और मंगलकामनाओं का आकांक्षी हूँ। जय भीम, जय संविधान, जय भारत।”
पूर्व एडीजी के राजनीति में आने को उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। लंबे समय तक पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। प्रशासनिक अनुभव और कानून-व्यवस्था के क्षेत्र में उनकी कार्यशैली की व्यापक चर्चा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रेम प्रकाश का आज़ाद समाज पार्टी से जुड़ना पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और चुनावी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। उनके प्रशासनिक अनुभव का लाभ पार्टी को संगठन को मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक अपनी पहुंच बढ़ाने में मिल सकता है।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रेम प्रकाश के शामिल होने का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया तथा विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी को नई मजबूती मिलेगी।
