भीलवाड़ा में PNG विस्तार की समीक्षा: 4406 परिवारों को LPG कनेक्शन सरेंडर करने के निर्देश

भीलवाड़ा, 6 अप्रैल। स्मार्ट हलचल|जिला कलक्टर श्री जसमीत सिंह संधू ने सोमवार को भीलवाड़ा शहर में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) के विस्तार कार्यों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। समीक्षा के दौरान, उन्होंने कुल 4406 परिवारों को शीघ्र ही अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने के निर्देश दिए हैं।जिला कलक्टर ने बताया कि वर्तमान में 2842 परिवार ऐसे हैं जो PNG का उपयोग तो कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपने एलपीजी कनेक्शन सरेंडर नहीं किए हैं। यह स्थिति उचित नहीं है। इसके अतिरिक्त, 1564 ऐसे परिवार भी चिन्हित किए गए हैं जिनके किचन तक अडानी गैस द्वारा PNG कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है, पर एलपीजी कनेक्शन सरेंडर न करने के कारण उन्हें PNG आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।

जिला कलक्टर के निर्देशानुसार, एलपीजी सेल्स ऑफिसर को इन उपभोक्ताओं की सूची प्रेषित कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है। कुल 4406 परिवारों से शीघ्र एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करवाने के लिए कार्ययोजना बनाकर उसे लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस दौरान, जिला रसद अधिकारी ने आमजन से एलपीजी के स्थान पर PNG को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने बताया कि PNG एक स्वच्छ, सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल ईंधन है, जिसकी उपलब्धता भी पर्याप्त है। इसके अलावा, औद्योगिक इकाइयों, होटलों और रेस्टोरेंट्स में भी PNG के उपयोग को बढ़ावा देने तथा नगर निगम के ऑटो टिपर के माध्यम से आमजन में जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए गए हैं।