अनिल कुमार
ब्यावर। स्मार्ट हलचल|अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (आर्ड बटालियन एवं एसडीआरएफ) तथा रेंज प्रभारी रूपिन्द्र सिंह ने जिले का आकस्मिक दौरा कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और रिजर्व पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और अपराध गोष्ठी (क्राइम मीटिंग) में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों के साथ अपराधों पर मंथन
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित बैठक में रेंज प्रभारी ने जिले के लंबित प्रकरणों की स्थिति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि गंभीर अपराधों और लंबे समय से पेंडिंग मामलों का निस्तारण त्वरित गति से किया जाए। बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र सिंह सहित जिले के सभी वृताधिकारी और थानाधिकारी मौजूद रहे।
फील्ड में निरीक्षण और बुनियादी ढांचा
एडीजी ने निर्माणाधीन नवीन रिजर्व पुलिस लाइन ब्यावर का भ्रमण कर निर्माण कार्य की प्रगति देखी और परेड ग्राउंड का जायजा लिया। इसके उपरांत उन्होंने पुलिस थाना साकेतनगर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने के मालखाने में रखे माल के निस्तारण और थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
साइबर अपराध और जनसुनवाई पर जोर
रेंज प्रभारी ने जिले की अब तक की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि पुलिस को तकनीक के साथ अपडेट रहकर आमजन को जागरूक करना होगा। उन्होंने निर्देशित किया कि:
थाने पर आने वाले हर परिवादी की समस्या को तसल्ली से सुना जाए।
साइबर शिकायतों की जांच में तेजी लाई जाए।
क्षेत्र में प्रभावी गश्त की जाए ताकि अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास बना रहे।
मौजूद रहे ये अधिकारी
निरीक्षण के दौरान वृताधिकारी मसूदा जय सिंह, जैतारण वृताधिकारी सत्येन्द्र नेगी, रायपुर वृताधिकारी बंशीलाल पाण्डर, आरपीएस अनिल, ब्यावर सिटी थानाधिकारी आशुतोष पाण्डे, सदर थानाधिकारी गजराज, साइबर थानाधिकारी भवानी सिंह और महिला थानाधिकारी विद्या मीणा सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
