शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा। स्मार्ट हलचल|टोंक-सवाई माधोपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खेलनिया बस स्टॉप के पास शनिवार शाम हुए सड़क हादसे में वन विभाग के सहायक वनपाल लाखन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रही कार की टक्कर से घायल लाखन सिंह को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला मुख्यालय स्थित राजकीय सआदत अस्पताल टोंक पहुंचाया गया, जहां रविवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। उनियारा पुलिस थाने के हेड कांस्टेबल रघुवीर सिंह ने सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतक के भतीजे भंवर सिंह ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों और वाहन चालक की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
*ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा*
जानकारी के अनुसार सहायक वनपाल लाखन सिंह राजपूत पुत्र मानसिंह निवासी मेड़ी-बढ़ियाल कलां, थाना बांदीकुई, जिला दौसा, पूर्व में दौसा वन मंडल की महुआ रेंज में कार्यरत थे। उनका 10 जुलाई को टोंक वन मंडल में स्थानांतरण हुआ था। इसके बाद वे अलीगढ़ रेंज क्षेत्र में वन विभाग के कार्य से जुड़े हुए थे। परिजनों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार शनिवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच लाखन सिंह मोटरसाइकिल से ड्यूटी के सिलसिले में ककोड़ वन विभाग नाका से अलीगढ़ स्थित वन विभाग रेंज कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खेलनिया मोड़ के पास पीछे से आ रही कार के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में लाखन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
*दो पुत्र और एक पुत्री के सिर से उठा पिता का साया*
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती लाखन सिंह ने उपचार के दौरान रविवार रात दम तोड़ दिया। उनकी मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिवार में दो पुत्र और एक पुत्री हैं। परिवार के लिए अचानक हुई इस घटना से गहरा दुख व्याप्त है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के भतीजे की रिपोर्ट पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है।