महाराजा कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ
जयपुर, स्मार्ट हलचल। महाराजा महाविद्यालय, जयपुर में मुस्कान फाउंडेशन की ओर से BRACE – Road Safety College Education Program के अंतर्गत सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों, यातायात अनुशासन, सुरक्षित वाहन संचालन और जिम्मेदार सड़क व्यवहार के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन जयपुर RTO-2 तथा परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, राजस्थान सरकार के सहयोग से किया गया। महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. आर.के. गुसाई ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और अतिथियों एवं प्रशिक्षकों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयपुर RTO Inspector दिनेश सिंह रहे। खास बात यह रही कि दिनेश सिंह महाराजा महाविद्यालय के पूर्व छात्र भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और समाज में भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
दिनेश सिंह ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात संकेतों एवं नियमों का पालन करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुरक्षित सड़क व्यवहार को प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी बताया।
विद्यार्थियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण
मुख्य अतिथि के संबोधन के बाद मुस्कान फाउंडेशन की ओर से महेश कुमार शर्मा एवं समीर नैनावत ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट के सही उपयोग, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से बचने, यातायात संकेतों को समझने और उनका पालन करने सहित सड़क पर पैदल यात्रियों एवं अन्य वाहन चालकों के प्रति जिम्मेदार व्यवहार की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुस्कान फाउंडेशन की Director – Projects नेहा खुल्लर की भी विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने सड़क सुरक्षा जागरूकता के प्रयासों तथा युवाओं को सुरक्षित सड़क व्यवहार के प्रति प्रशिक्षित करने की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए।
इस अवसर पर महाविद्यालय के उप-प्राचार्य डॉ. ऋषिकेश मीणा, डॉ. दिनेश कुमार, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में युवाओं की सड़क सुरक्षा में भूमिका, जिम्मेदार ड्राइविंग और यातायात नियमों के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर चर्चा की गई।
विद्यार्थियों को दिलाई सड़क सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मुख्य अतिथि दिनेश सिंह ने विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि सड़क सुरक्षा केवल परिवहन विभाग या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक सड़क उपयोगकर्ता की व्यक्तिगत और सामाजिक जिम्मेदारी है। हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग, गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना, नशे की स्थिति में वाहन नहीं चलाना और यातायात संकेतों का पालन करना सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलू हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में मुस्कान फाउंडेशन, जयपुर RTO-2 एवं परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग का सहयोग रहा। महाविद्यालय प्रशासन ने अतिथियों, प्रशिक्षकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।