मिशन 2028 की तैयारी? ब्यावर के मोतीमहल गार्डन में हजारों की भीड़ देख गदगद हुए दिग्गज नेता।*
*लोकतंत्र की रक्षा के लिए ब्यावर की सड़कों पर उतरेगा कांग्रेस का सिपाही: डोटासरा*
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरुवार को ब्यावर के मोतीमहल गार्डन में “संगठन बढ़ाओ – लोकतंत्र बचाओ” जिला स्तरीय सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की उपस्थिति में कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाई। हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।
*सरकार पर तीखा प्रहार* :
सम्मेलन को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की मर्यादाओं को ताक पर रख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर निकाय और पंचायत चुनाव टालना जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है। डोटासरा ने कार्यकर्ताओं को मंत्र दिया कि संगठन को बूथ स्तर तक ‘वज्र’ की तरह मजबूत करें ताकि आने वाले समय में इस तानाशाही का अंत किया जा सके।
*धरातल पर जनसुविधाएं ठप* : टीकाराम जूली
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा केवल विज्ञापन और इवेंट तक सीमित है। धरातल पर जनता पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस सदन से लेकर सड़क तक जनता की आवाज उठाती रहेगी।
*स्थानीय नेतृत्व का जोरदार स्वागत:*
जिलाध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस सम्मेलन में डोटासरा और जूली का साफा पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया गया। चौधरी ने कहा कि ब्यावर से उठी यह लहर पूरे राजस्थान में कांग्रेस की नई ऊर्जा का केंद्र बनेगी। सम्मेलन का सफल संचालन ब्लॉक *अध्यक्ष अजय शर्मा* ने किया।
*दिग्गज नेताओं का जमावड़ा:*
इस अवसर पर किशनगढ़ विधायक विकास चौधरी, पूर्व मंत्री नसीम अख़्तर इंसाफ़, पूर्व विधायक राकेश पारीक, सुदर्शन सिंह रावत, सुरेन्द्र गोयल सहित अजमेर और ब्यावर जिले के तमाम वरिष्ठ नेता, पार्षद और बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
