स्वच्छता कर्मियों का सम्मान कर रोटरी पद्मिनी ने बढ़ाया सहयोग का हाथ, कार्य को सुगम बनाने के लिए भेंट किए उपकरण

वार्ड 81 में 30 झाड़ू, जैकेट, दस्ताने सहित सफाई के जरूरी संसाधन वितरित, माल्यार्पण कर किया कर्मयोगियों का अभिनंदन

कोटा। स्मार्ट हलचल|स्वच्छ एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में स्वच्छता कर्मियों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उनके अथक परिश्रम और समर्पण को सम्मान देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब पद्मिनी कोटा की ओर से नगर निगम के वार्ड 81 में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। अध्यक्ष दीप्ति राजावत ने बताया कि मासिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता प्रकल्प के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया तथा उनके कार्य को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक उपकरण एवं सामग्री वितरित की गई।
सचिव दीप्ति राजावत ने बताया कि कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को 30 झाड़ू, 20 जैकेट, 24 जोड़ी दस्ताने, 4 फावड़े, 2 गैंती, 2 सांबल, 3 पंजे और 2 छोटी फावड़ियां भेंट की गईं।
इस सेवा प्रकल्प में प्रीति आनंद, नीता मित्तल, खुशबू गुप्ता, सुनीता पांड्या, कामना विजय, शम्मी आनंद एवं शुभा गुप्ता का विशेष सहयोग रहा। प्रकल्प की परिकल्पना, योजना, समन्वय और आवश्यक सामग्री जुटाने में शुभा गुप्ता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष मंजू यादव सहित प्रोजेक्ट टीम के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
क्लब अध्यक्ष रोटेरियन दीप्ति राजावत एवं सचिव रोटेरियन डॉ. प्रीति शर्मा ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।