तीन साल से RTE का पैसा अटका, निजी स्कूलों का अल्टीमेटम

आज कलेक्ट्रेट पर जुटेंगे संचालक, 11 सूत्री मांग-पत्र सौंपकर सरकार को देंगे 7 दिन का समय

भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|शिक्षा का अधिकार (RTE) के तहत तीन साल से पुनर्भरण राशि नहीं मिलने से निजी स्कूल संचालकों का गुस्सा फूट पड़ा है। अब संगठन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान करते हुए सरकार को 7 दिन का अल्टीमेटम देने का फैसला किया है।
जिलाध्यक्ष अर्जुन देवलिया के अनुसार 8 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे जिलेभर के निजी स्कूल संचालक मुखर्जी उद्यान में जुटेंगे। यहां बैठक के बाद मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को 11 सूत्री मांग-पत्र सौंपा जाएगा।
संगठन ने चेतावनी दी है कि 7 दिन में बकाया राशि जारी नहीं हुई तो आंदोलन उग्र किया जाएगा। दीपावली से पहले तीन साल का भुगतान नहीं होने पर सत्र 2026-27 में RTE के भौतिक सत्यापन और निरीक्षण का बहिष्कार करने का भी ऐलान किया गया है।