आरटीई भुगतान को लेकर कृषि एवं आपदा मंत्री को सौंपा ज्ञापन

आठ माह से अधिक समय बीतने के बाद भी निजी स्कूलों को नहीं मिला भुगतान, दीपावली से पहले राशि जारी कराने का मिला आश्वासन

 

सवाई माधोपुर। स्मार्ट हलचल।मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के राष्ट्रीय संगठन स्कूल शिक्षा परिवार के बैनर तले जिला अध्यक्ष दिलीप शर्मा के नेतृत्व में निजी स्कूल संचालकों ने आरटीई भुगतान की मांग को लेकर कृषि एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से फोन पर वार्ता कर निजी स्कूलों का बकाया भुगतान शीघ्र करवाने की मांग की गई।

 

ब्लॉक अध्यक्ष पदम सिंह आमेरा ने बताया कि पिछले शिक्षा सत्र को समाप्त हुए आठ माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन सरकार की ओर से निजी स्कूलों को आरटीई का भुगतान नहीं किया गया है। जिले में कई ऐसे स्कूल हैं, जिनका पिछले तीन वर्षों से भुगतान बकाया है। इस संबंध में लगातार ज्ञापन देने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि दीपावली का त्योहार नजदीक है और भुगतान नहीं मिलने से निजी स्कूलों की आर्थिक स्थिति चिंताजनक हो गई है। स्कूल संचालकों के सामने कर्मचारियों को वेतन देने तक का संकट खड़ा हो गया है। इसी मांग को लेकर प्रदेशभर में गुरुवार को भाजपा जिला अध्यक्षों, विधायकों एवं मंत्रियों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था।

 

इस पर मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने आश्वासन दिया कि निजी स्कूलों की मांग को पूरी मजबूती के साथ मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के समक्ष रखा जाएगा तथा दीपावली से पहले भुगतान करवाने का प्रयास किया जाएगा।

 

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में अजय कुमार शर्मा, पदम सिंह आमेरा, उमेश कुमार शर्मा, सत्यनारायण हावा, राजकुमार वर्मा, आचार्य नरोत्तम शर्मा, आचार्य सत्यनारायण शर्मा, भरत लाल मीणा, मोतीलाल मीणा, सत्यनारायण नरेनिया, रामविलास मीणा सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे।