भरत देवड़वाल
राहोली। स्मार्ट हलचल।राज्य सरकार के जनकल्याण शिविरों के अंतर्गत ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन ग्राम पंचायत राहोली के भारत निर्माण सेवा केंद्र पर सुबह 9:30 बजे से शाम 6 बजे तक किया गया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभ प्रदान किया।ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार बैरवा ने बताया कि पंचायती राज विभाग द्वारा गुलाब चंद चावला, कमोज कंवर, नर नारायण शर्मा, सत्यनारायण, कल्याण सिंह सहित अन्य लोगों को आवासीय मकानों के पट्टे प्रदान किए गए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत व्यक्तिगत शौचालय निर्माण प्रोत्साहन राशि के लिए 10 आवेदन प्राप्त हुए।
राजस्व विभाग द्वारा धारा 136 के तहत 22 किसानों के राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धिकरण, नामांतरण, तकासमा सहित अन्य कार्य किए गए। घुमंतू परिवारों के लिए आबादी भूमि आवंटन का प्रस्ताव तैयार किया गया।
शिक्षा विभाग द्वारा पालनहार योजना में 6 बच्चों को लाभान्वित किया गया तथा घुमंतू परिवारों के बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया गया। राजस्थान पथ परिवहन निगम द्वारा वरिष्ठ नागरिक कार्ड बनाए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गर्भवती महिलाओं को मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट वितरित की गई। चिकित्सा विभाग ने शिविर में बीपी, शुगर, हाइपरटेंशन की जांच, टीबी स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण तथा गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की।
कृषि पर्यवेक्षक आशीष मीणा ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा योजनाओं की जानकारी के साथ तारबंदी और पाइपलाइन की पत्रावलियां तैयार की गईं। पशुपालन विभाग ने 10 पशुपालकों को मंगला पशु बीमा पॉलिसी का वितरण किया।
शिविर में प्रशासक फुला देवी मीणा, पीएम श्री प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह नरूका, मधुसूदन शर्मा, शंकर लाल अटल, वार्ड पंच मुकेश चावला, कन्हैया लाल चावला सहित ग्रामीणजन और अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
