एस. टेक कॉलेज ऑफ नर्सिंग के मुद्दों पर उग्र हुआ छात्र आक्रोश, एबीवीपी का जोरदार प्रदर्शन

नर्सिंग से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर जताया विरोध,देर तक चला आंदोलन,कॉलेज प्रशासन ने सभी प्रमुख मांगों को किया स्वीकार

(पंकज पोरवाल)

भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|एस. टेक कॉलेज ऑफ नर्सिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कॉलेज प्रशासन पर छात्रों की समस्याओं की लगातार अनदेखी करने का आरोप लगाया और जल्द से जल्द समाधान की मांग की। कई बार प्रशासन को ज्ञापन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे छात्रों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। महानगर मंत्री कुणाल सिंह राणावत ने बताया की विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एबीवीपी ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। एबीवीपी पदाधिकारियों का कहना था कि लंबे समय से छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे थे, लेकिन कॉलेज प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा था। आंदोलन लगातार बढ़ता गया और देर तक प्रदर्शन जारी रहा। अंततः प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और एबीवीपी प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की गई। वार्ता के बाद प्रशासन ने विद्यार्थियों की सभी प्रमुख मांगों को स्वीकार कर लिया। एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि छात्र हितों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में फिर से छात्रों के साथ किसी भी प्रकार की अनदेखी होती है, तो संगठन और भी उग्र आंदोलन करेगा। वहीं, प्रशासन ने आश्वासन दिया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। प्रदर्शन के सफल समापन के बाद छात्रों में संतोष का माहौल देखने को मिला। इस दौरान नमन जैन, हिमांशु दादीच, लविश जीनगर, विट्ठल शर्मा, दीपा जाट, अंकित तेली, शिवांश नायक, शुभम सिंह, दीपक वर्मा, रौनक मेघवंशी, आयुष शर्मा सहित कई छात्र-छात्राओ सहित एबीवीपी के सदस्य उपस्थित रहे।