“सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान अंतर्गत जागृति इकाई द्वारा विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

अनिल जांगिड़

स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिले की तालुका विधिक सेवा समिति, बिजयनगर की जागृति यूनिट द्वारा नालसा जागृति योजना, 2025 के अंतर्गत “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित भविष्य” अभियान के तहत शुक्रवार शाम प्राज्ञ इंटरनेशनल स्कूल, बिजयनगर में तालुका अध्यक्ष मीनाक्षी नाथ के निर्देशन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों को बच्चों की सुरक्षा, POCSO Act, 2012, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, बाल अधिकार एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रदान कर जागरूक किया गया। शिविर में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के यौन शोषण, दुर्व्यवहार अथवा भय की स्थिति में तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकरण को सूचना दें तथा Child Helpline 1098, Women Helpline 181 एवं Police Helpline 112 का उपयोग करें।
उक्त कार्यक्रम में तालुका जागृति यूनिट के सदस्यगण तहसीलदार रामकिशोर जांगिड़, थाना अधिकारी करण सिंह खंगारोत, पैरालीगल वॉलंटियर प्रभुलाल बैरवा एवं प्रियंका दाधीच, तथा बैंक ऑफ बड़ौदा प्रबंधक मनीष सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने जागृति स्कीम पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को जीवन में सुरक्षित एवं जागरूक रहने के तरीके बताए तथा विधिक अधिकारों की जानकारी सरल एवं संवादात्मक तरीके से दी।
जागृति यूनिट सदस्यों द्वारा बताया गया कि NALSA जागृति योजना का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर बच्चों एवं विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव एवं आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
शिविर में विद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण एवं लाइफ चेंजिंग कार्यक्रम हेतु प्राज्ञ संस्थान में एकत्रित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक एवं सशक्त भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित करते हुए किया गया।