पुर में 10 फीट लंबे अजगर ने किया बतख का शिकार, वन विभाग की मौजूदगी में सुरक्षित रेस्क्यू – सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा ने बचाई जान

(बद्री लाल माली)

गुरला :- स्मार्ट हलचल|पुर में मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की एक मिसाल देखने को मिली है। रामदेव मंदिर डुंगरी के पास, पुर गांव में स्थित प्रकाश कोठारी के पीकॉक फार्म हाउसमें उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विशालकाय अजगर ने फार्म हाउस की एक बतख का शिकार कर लिया।बताया जाता है कि अजगर की लंबाई लगभग 10 फीटथी। अजगर को बतख को निगलते देख फार्म हाउस में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लेकिन समझदारी दिखाते हुए उन्होंने खुद पकड़ने की कोशिश नहीं की और तुरंत वन विभाग और सर्पमित्र को सूचना दी।
सूचना मिलते ही नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवक एवं प्रसिद्ध सर्पमित्र श्री नारायण लाल बैरवा तुरंत मौके पर पहुंचे। उनके साथ *वन विभाग की टीम से वनरक्षक रूपेंद्र सिंह पुरावत एवं दिनेश कुमार रेगर भी मौजूद रहे।
सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा ने बड़ी ही सूझबूझ, प्रशिक्षण और सावधानी के साथ अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर को किसी भी प्रकार की चोट नहीं पहुंची। बाद में वन विभाग की टीम के सहयोग से अजगर को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
वन्यजीव संरक्षण का संदेश:
सर्पमित्र नारायण लाल बैरवा ने मौके पर मौजूद लोगों को बताया कि अजगर एक संरक्षित वन्यजीव है। यह प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। चूहे, खरगोश जैसे जीवों को खाकर यह किसानों का मित्र भी है।
उन्होंने अपील की कि यदि खेत, घर या फार्म हाउस में कोई भी सांप या अजगर दिखाई दे तो घबराएं नहीं, उसे मारें नहीं, खुद पकड़ने का प्रयास न करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत वन विभाग (हेल्पलाइन) या प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना दें।