साप्ताहिक समीक्षा बैठक: संपर्क पोर्टल परिवादों का समयबद्ध निस्तारण करें – जिला कलेक्टर टीना डाबी

शिवराज बारवाल मीना
टोंक। स्मार्ट हलचल|जिला कलेक्टर टीना डाबी ने मंगलवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में जिला कलेक्टर टीना डाबी ने जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने विभागवार कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रगति में तेजी लाने पर जोर दिया। बैठक में जिला रसद अधिकारी इन्द्रपाल मीना से एलपीजी, पेट्रोल और डीजल के वितरण एवं स्टॉक की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने घरेलू उपभोक्ताओं, शैक्षणिक संस्थानों और अस्पतालों को एलपीजी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।राज्य बजट घोषणाओं की समीक्षा करते हुए जिला कलेक्टर डाबी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित योजनाओं का लाभ आमजन तक शीघ्र पहुंचे, इसके लिए कार्यप्रणाली में तेजी लाई जाए।उन्होंने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए उन्हें गति देने, दत्तवास में औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को देवली एवं पचेवर में लंबित अटल प्रगति पथ के कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक वीरेन्द्र सिंह सोलंकी को फार्म पौंड निर्माण योजना में निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। वहीं, जिला परिषद के सीईओ परशुराम धानका को मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 में प्रगति बढ़ाने को कहा गया। स्वायत्त शासन विभाग को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) और स्वच्छ भारत मिशन सहित अन्य योजनाओं में गति लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं शहरी वार्ड अभियान के तहत सभी 11 विभागों को निर्धारित समय में सूचनाएं फीड करने और आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामरतन सौंकरिया, जिला परिषद सीईओ परशुराम धानका, उप वन संरक्षक वीरेन्द्र कृष्णियां, पुलिस उप अधीक्षक मृत्युंजय मिश्रा, कोषाधिकारी हरीश लालावत, एसीईओ ललित कुमार सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।