भीलवाड़ा । राष्ट्रीय मानव अधिकार परिषद के पदाधिकारियों ने आज भीलवाड़ा स्थित हरी सेवा उदासीन आश्रम में पधारकर पूज्य महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन के दर्शन लाभ प्राप्त किए तथा उनका आशीर्वाद लिया।
परिषद के जिलाध्यक्ष मनीष बंब, संरक्षक हेमंत कोठारी ने बताया की प्रतिनिधिमंडल ने 19 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे ऐतिहासिक ‘सनातन मंगल महोत्सव’ के सफल आयोजन हेतु अग्रिम शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में नैतिक मूल्यों, सद्भाव, सेवा और मानवता की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश मिलता है। उन्होंने आश्रम द्वारा निरंतर किए जा रहे धार्मिक, सामाजिक एवं मानव सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने परिषद के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि सनातन संस्कृति का मूल संदेश सेवा, करुणा और मानव कल्याण है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को एकजुट कर सकारात्मक दिशा में अग्रसर किया जा सकता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से महोत्सव में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता कर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद के जिला उपाध्यक्ष ललित बोहरा, सीए नवजोत सिंह, महामंत्री ललित लोढ़ा, जिला सचिव अभिषेक पोखरना, सचिव कमल वैशनानी, संगठन मंत्री ज्ञानचंद पगारिया सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, सदस्यगण एवं आश्रम के संत-सेवकगण उपस्थित रहे।
